बिहार
बिहार में तेज वर्षा और आंधी के कारण सात की मौत
By Deshwani | Publish Date: 9/5/2017 2:58:46 PMपटना, (हि.स.)। बिहार में मंगलवार अहले सुबह आई भीषण आंधी और तेज वर्षा के कारण सात लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। कई स्थानों पर रेल और सड़क यातायात पर भी बुरा असर पड़ा है।
बिहार सरकार के अधिकारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज आंधी-तूफान और वज्रपात से प्रदेश के राज्य के लखीसराय में दो, समस्तीपुर, बेगूसराय, मुंगेर, औरंगाबाद और कैमूर जिलों में एक-एक लोगों के मरने की सूचना है। वहीं कुछ लोग घायल भी हुए है। तेज वर्षा और आंधी से आम और लीची के फलों के अलावा दलहनी उरद-मूंग की फसलों को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है।
औरंगाबाद में जहां वज्रपात से एक शख्स की जान चली गई। लखीसराय में आंधी-पानी ने दो लोगों की जान ले ली। पेड़ की टहनी टूटने से दो लोग इसके नीचे आ दबे, जिससे उनकी मौत हो गई। समस्तीपुर में स्कूल की गाड़ी पर दीवार आ गिरी जिससे उसके ड्राइवर की दर्दनाक मौत हो गई। दूसरी ओर मुंगेर में भी आंधी से ताड़ का पेड़ नीचे आ गिरा, जिसमें दब कर एक महिला की मौत हो गई। वहीं कैमूर में सुबह शौच के लिए गए व्यक्ति के ऊपर पेड़ की टहनी गिरने से उसकी मौत हो गई। आंधी-पानी से हुए नुकसान के आंकलन में आपदा विभाग लगा हुआ है। तेज आंधी के कारण ही पटना से दानापुर को जोड़ने वाला पीपा पुल और गायघाट का पीपा पुल भी टूट गया है।