बिहार
मधेपुरा में विश्वासघात रैली 3 को, जुटेंगे हजारों लोग
By Deshwani | Publish Date: 2/5/2017 6:54:38 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जन अधिकार पार्टी (लो) के तत्वावधान में बुधवार को मधेपुरा के रास बिहारी हाई स्कूल के मैदान में विश्वासघात रैली का आयोजन किया जा रहा है। पार्टी के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने पटना में पत्रकारों को बताया कि इसमें कोसी और सीमांचल के जिलों से हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से ही जनता के साथ विश्वासघात होता रहा है। पिछले 27 वर्षों में बिहार की जनता को साजिश के तहत ठगा जाता रहा है। अक्टूबर महीने तक राज्यभर में विश्वासघात रैली का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पार्टी जनता को बताएगी कि समाजवाद की राजनीति करने वाले परिवारवाद को मजबूत में जुट गये और उनका पूरा राजनीतिक लक्ष्य परिवार को सत्ता में बनाए रखना हो गया। सांसद ने राजद प्रमुख लालू यादव के परिजनों की संपत्ति की सीबीआई जांच कराने की मांग भी की। उन्होंने मंत्री, विधायक और अधिकारियों की बेनामी संपत्ति की जांच की मांग भी उठायी।