बिहार
राजधानी के एक आवासीय होटल से युवक का शव बरामद, सनसनी
By Deshwani | Publish Date: 30/4/2017 7:14:55 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
राजधानी के होटल अशोका बिहार में एक युवक का सड़ा-गला शव पुलिस ने बरामद किया। घटना में होटल मालिक की भूमिका प्रथमदृष्टया संदिग्ध बताई जा रही है। यह हत्या है या आत्महत्या, पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह होटल अशोका बिहार में एक सड़ा-गला शव मिला। मृतक की पहचान पटना के पटेल नगर निवासी राजन (40) के रूप में की गई। शव चार दिनों से कमरे में बंद था। राजन पारिवारिक विवाद से परेशान था, इसलिए यह सुसाइड का मामला हो सकता है। लेकिन, हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
मौत कई दिनों पहले होने तथा शव से दुर्गंध आने के बावजूद होटल मालिक ने पुलिस को सूचित नहीं किया। दुर्गंध से परेशान पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया तो घटना सामने आई। इस कारण होटल मालिक की भूमिका शक के घेरे में आ गई है। विदित हो कि पटना का होटल सरोज' भी इसी होटल के मालिक का है, जिसमें कुछ साल पहले एक छात्र ने लड़की के लिबास में आत्महत्या कर ली थी।