बिहार
शहीद जवानों के परिजनों को मिले 20 लाख मुआवजा : अनिल
By Deshwani | Publish Date: 27/4/2017 6:16:41 PM पटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जनतांत्रिक लोकहित पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने राज्य सरकार से छत्तीसगढ़ के सुकमा नक्सली हमले में शहीद जवानों के परिजनों को 20 लाख रुपये मुआवजे के तौर पर दिए जाने की मांग की। उन्होंने आज एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की और कहा कि देश की रक्षा में तैनात जवानों का सरकार को सम्मान करना चाहिए। श्री कुमार ने कहा कि अन्य राज्यों में मुआवजे की राशि बिहार की अपेक्षा अधिक है, इसलिए बिहार सरकार को भी ये राशि बढ़ा कर उनकी शहादत का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने नक्सली हमले को भी कायरतार्पूण बताया और कहा कि किसी भी समस्या का स्थाई हल बंदूक नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की संवेदनहीनता की हद तब पार कर दी, जब बिहार के बहादुर शहीदों से मिलने सरकार का कोई मंत्री नहीं गया। उन्होंने दिल्ली में हुए एमसीडी चुनाव के परिणाम पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वार्ड चुनाव भी नहीं जीत पाए, इसलिए उन्हें प्रधानमंत्री पद के सपना देखना बंद कर दें। बिहार में आज किसानों की हालत बहुत खराब है, मगर मुख्यमंत्री जी इस पर ध्यान देने के बजाय दिल्ली चुनाव में लगे थे।
उन्होंने राज्य के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को बेनामी संपत्ति, समेत जनहित के अन्य कई मुद्दों का समाधान करना चाहिए। उन्होंने गांधी जी के चंपारण शताब्दी वर्ष पर बिहार सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम पर कहा कि चंपारण में गांधी जी ने किसानों के लिए लड़ाई लड़ी, मगर आज उनके नाम पर सरकार अपना उल्लू सीधा कर रही है। मोतिहारी में चीनी मिल मजदूर की हत्या से ज्यादा आज राज्य सरकार को अपनी छवि चमकाने की फिक्र है। मगर, जनतांत्रिक लोकहित पार्टी इसके खिलाफ लड़ाई का आगाज कर चुकी है। अगर सरकार किसानों की हित को ऐसे ही अनदेखी करती रहेगी, तो पार्टी हर स्तर पर किसानों के हित में आंदोलन करेगी।