बिहार
किसानों को उल्लू बना रही है केन्द्र सरकार: जदयू
By Deshwani | Publish Date: 19/4/2017 5:50:17 PM पटना। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों के हितैशी बताने वाली एनडीए सरकार चंपारण सत्याग्रह शताब्दी वर्ष में किसानों को उल्लू बना रही है।
जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने केन्द्र की एनडीए सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि जो पार्टी किसानों के साथ धोखा कर रही है वह किस मुंह से खुद को किसानों का हितैशी बता रही है। उन्होंने कहा कि सौ साल पहले जिस धरती के किसानों ने गांधी जी के नेतृत्व में नील की खेती के खिलाफ संघर्ष किया और विजय प्राप्त की थी और वहीं के किसानों को उसी चंपारण सत्याग्रह के शताब्दी वर्ष में बीजेपी और एनडीए नेताओं द्वारा उन्हें उल्लू बनाने की कोशिश हास्यास्पद है।
राजीव रंजन ने कहा कि केन्द्र सरकार के नाकामियों के कारण किसान विवश होकर आत्महत्या कर रहे हैं लेकिन बिहार में नीतीश कुमार किसानों को आत्महत्या नहीं करने देंगे। उन्होंने कहा कि किसान के नाम पर सत्ता में आने के बाद किसानों के दुख दर्द को मोदी सरकार भूल गई है।