बिहार
हरियाणा से पहुंचे सांस्कृतिक दल ने दिया देश को एक सूत्र में पिरोने का संदेश, मंत्री से मिला
By Deshwani | Publish Date: 18/4/2017 6:24:06 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
29 राज्यों की यात्रा के दौरान पटना पहुंचा हरियाणा का एक सांस्कृतिक दल नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट एंड एक्टिविस्ट ने आज राज्य के कला संस्कृति एंव युवा विभाग के मंत्री शिवचंद्र राम और विभाग के अन्य अधिकारियों से पाटलिपुत्र स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स में मुलाकात की। इस दौरान पौधरोपण भी किया। विभाग के अपर सचिव आनंद कुमार, नीफा के चेयरमेन प्रीतपाल सिंह पन्नू, खेल विभाग के निदेशक बलवीर यादव, मीडिया प्रभारी रंजन सिन्हा, विनय कुमार आदि लोग मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों को राज्य सरकार की ओर से मंत्री ने मोमेंटो और शॉल देकर सम्मानित किया। बाद में मंत्री ने कहा कि इस टीम ने देश की युवा शक्ति को एकजुट करने का बीड़ा उठाया है, उसके लिए बिहार सरकार उन्हें धन्यवाद देती है। यह यात्रा देश भर में युवाओं के बीच समानता और अखंडता का संदेश देगी।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा इस बात को और भी पुख्ता करेगी कि यह देश टूटा हुआ नहीं है, बल्कि अखंड है। युवा पीढी के लिए यह सराहनीय कार्य है। उन्होंने हरियाणा से आए दल को भरोसा दिलाया कि हार्मोनी 2017 में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बिहार का भी दल हिस्सा लेगा और बिहार की संस्कृति से देश भर के युवाओं को परिचय कराएगा। मंत्री ने बिहार के ऐतिहासिक महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि यहां का इतिहास स्वर्णिम अक्षरों में लिखा गया है। अभी हाल ही में 350वां प्रकाश दिवस मनाया गया, जिससे दुनिया भर में बिहार ख्याति फैली और अब चंपारण सत्याग्रह शताब्दी समारोह के जरिए एक बार फिर से बिहार गांधीजी के संदेशों को दुनियाभर में फैलाने का काम कर रही है।
इससे पहले दल के प्रतिनिधि ने बताया कि हरियाणा स्वर्ण जयंती – भारत एक यात्रा कार्यक्रम के सिलसिले में नीफा दल ने एक यात्रा की शुरुआत की है, जो देश के सभी 29 राज्यों और पांच केंद्र शासित प्रदेशों में जाकर उनकी राजधानी में एक पेड़ लगाएगा और उस राज्य की मिट्टी और पानी इकठ्ठा करेगा। यात्रा समाप्त होने के बाद ऐतिहासिक कुरूक्षेत्र के मैदान में सभी राज्यों से लाई मिट्टी - पानी को मिलाकर राष्ट्रीय एकता के प्रतीक के रूप में एक पौधा लगाया जाएगा। इसके बाद भागवद गीता की जन्मस्थली रहा कुरूक्षेत्र का मैदान भारत की राष्ट्रीय एकता और अखंडता को प्रदर्शित करेगा।
दल के सदस्यों ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है देश के युवाओं को एक सूत्र में पिरोना है। दुनिया भर में सबसे ज्यादा युवाओं की संख्या भारत में है। इसलिए जैसे युवा होंगे, वैसा भारत होगा। कहा कि 13 अप्रैल को हरियाणा के राजभवन से शुरू 31 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश के रास्ते बिहार पहुंची है। इसके बाद पूर्वोत्तर भारत से दक्षिण भारत होते हुए 13 मई को दिल्ली में समाप्त होगी।