बिहार
सांसद पप्पू यादव के श्रीनिवास हॉस्पिटल पहुंचने पर भाग गये स्टाफ, छेड़खानी की शिकार महिला से की मुलाकात
By Deshwani | Publish Date: 24/2/2018 8:21:54 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव शुक्रवार को पटना के कंकड़बाग स्थित श्रीनिवास हॉस्पिटल गये। अस्पताल में छेड़खानी की पीडि़ता से मुलाकात की और उनके लिए न्याय हेतु लडा़ई लड़ने का भरोसा दिलाया। पिछले दिनों अपने बच्चे के इलाज के लिए आयी महिला के साथ अस्पताल के कर्मचारियों ने छेड़खानी की थी। इसकी शिकायत मिलने के बाद सांसद ने आज अस्पताल पहुंचकर पीडि़त महिला से मुलाकात की और स्थिति की जानकारी ली। सांसद के पहुंचने के बाद अस्पताल के प्रबंधक व अन्य डॉक्टर अस्पताल छोड़कर भाग गये। अस्पताल से ही सांसद ने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय से बात की और अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीडि़ता से मुलाकात के सांसद श्री यादव ने पत्रकारों से कहा कि सरकारी अस्पताल बदहाल हो गये हैं और निजी अस्पताल लूट के अड्डे बन गये हैं। पैथीलॉजी जांच के नाम पर मरीजों को लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों की व्यवस्था को लेकर वे शुरु से लड़ रहे हैं। हाई कोर्ट तक गए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट कर रखा है कि हेल्थ सर्विस सेक्टर है। इसके बाद भी निजी अस्पतालों में मरीजों की लूट का धंधा जारी है। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि सरकारी अस्पतालों की हालत सुधरे। बीपीएल और मिडिल क्लास के लिए सरकार द्वारा प्रदत्त सभी सुविधाओं से लैस अस्पताल चिहिन्त हों। पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी की कीमत प्रत्येक टेस्ट के लिए सरकार द्वारा तय कीमत पर हो। श्री यादव ने कहा कि मेडिकल माफिया के खिलाफ उनका अभियान जारी रहेगा।