पटना
तेजस्वी अपने परिवार की बेनामी सम्पति को दान करने की घोषणा करें: सुशील मोदी
By Deshwani | Publish Date: 27/1/2018 7:48:35 PMपटना (हि.स.)। बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने विपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव पर 10 फरवरी से शुरू होने वाली 'न्याय' यात्रा को लेकर शनिवार को हमला बोला।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजस्वी को अपनी यात्रा के दौरान बिहारवासियों से क्षमा मांगकर यह ऐलान करना चाहिए कि वे अपनी और अपने परिवार की आयकर एवं ईडी द्वारा जब्त कई हजार करोड़ की बेनामी सम्पति को वह गरीबों में दान कर देंगे। सुशील मोदी ने कहा कि उन्हें अपने पिता के चारा घोटाले के लिए भी माफी मांगनी चाहिए, जिन्हें अब तक एक नहीं तीन-तीन कोर्ट से सजा मिल चुकी है। उन्हें यह ऐलान करना चाहिए कि राजद अब लालू प्रसाद के पदचिन्हों पर नहीं चलेगा।
उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि तेजस्वी को अपनी यात्रा के दौरान बिहारवासियों को बताना चाहिए कि किस तरह से 28 साल की उम्र में वे 30 से अधिक सम्पतियों के मालिक बन गए। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि इन सम्पतियों के अर्जन में उनकी कोई सहभागिता नहीं रही है, बल्कि जब वे नासमझ थे, तब उनके पिता ने उनके नाम बेशुमार सम्पतियां लिखवा दी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहारवासियों से राजद नेता तेजस्वी को इसलिए भी क्षमा मांगनी चाहिए कि उनके पिता ने न केवल चारा घोटाला किया, बल्कि दूसरे घोटालेबाजों को भी संरक्षण दिया। राजद को कोर्ट द्वारा दी गयी सजा को स्वीकार कर लालू प्रसाद को दोषी मान लेना चाहिए। उन्हें यह भी ऐलान करना चाहिए कि राजद अब लालू प्रसाद को अपने से अलग कर उनके पदचिन्हों पर भी नहीं चलेगी।