पटना
बिहार में कड़ाके की ठंड बरकरार, अगले दो दिनों तक राहत नहीं
By Deshwani | Publish Date: 22/1/2018 5:46:06 PMपटना (हि.स.)। प्रदेश में उत्तर-पूर्वी हवा चलने से उत्तरी बिहार के कई जिलों में कड़ाके की ठंड बरकरार है। इसके साथ ही अगले दो दिनों तक ठंड से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद कम है।
मौसम विभाग ने बिहार के भागलपुर जिला के सबौर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किये जाने के बाद अगले 24 घंटे तक बिहार के अधिकतर हिस्सों में सुबह में घना कोहरा छाये रहने की संभावना व्यक्त की है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भागलपुर के साथ गया, छपरा, मुजफ्फरपुर एवं फारबिसगंज में ठंड भरा दिन और सुपौल में कड़ाके की ठंड महसूस की गई। पटना, भागलपुर, गया और पूर्णिया में न्यूनतम तापमान 07.6, 07.2, 07.6 और 08.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया में अधिकतम तापमान 22.0, 25.0, 19.6 और 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के पूर्वानुमान में पटना और गया में सुबह घना कोहरा छाये रहने और बाद में मौसम साफ होने का अनुमान लगाया है। विभाग ने भागलपुर एवं पूर्णियां में भी घना कोहरा छाये रहने की संभावना व्यक्त की है।