बिहार
सांसद पप्पू यादव ने रुबन अस्पताल के मरीजों की पीड़ा पर लगाया मरहम
By Deshwani | Publish Date: 12/1/2018 6:46:41 PM-आपका सेवक आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सुनी फरियाद
पटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने ‘आपका सेवक, आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत पाटलिपुत्र स्थित रुबन अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को लेकर विमर्श किया। इस दौरान सांसद ने कई मरीजों की आर्थिक मदद भी की। कार्यक्रम के दौरान मरीज के परिजनों ने अस्पताल की कई अनियमितता और अराजकता की शिकायत भी की।
सांसद ने पत्रकारों से कहा कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था एकदम बदहाल हो गयी। सरकारी अस्पतालों में न डॉक्टर हैं और न दवा है। इसका खामियाजा गरीब मरीजों को भुगतना पड़ता है। श्री यादव ने कहा कि डॉक्टर, पैथोलॉजी, जांचघर और एंबुलेंस वाले मिलकर मरीजों को लूट रहे हैं। उनका आर्थिक दोहन कर रहे हैं। डॉक्टर पैथोलॉजी और जांचघरों से कमीशन भी वसूल रहे हैं। अधिकतर डॉक्टरों ने चिकित्सा पेशा को लूट का अड्डा बना दिया है।
सांसद ने कहा कि रुबन अस्पताल प्रबंधन ने उनके आग्रह पर कई मरीजों के शुल्क में रियायत दी है। उन्होंने कहा कि सरकार को गरीब मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था करनी चाहिए। निजी अस्पतालों में भी गरीब मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं दी जानी चाहिए।
इस दौरान चिकित्सा सेल के अध्यक्ष डॉ विश्वनाथ प्रसाद, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुपति प्रसाद सिंह,राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एजाज अहमद, राष्ट्रीय महासचिव राजेश रंजन पप्पू, राघवेंद्र कुशवाहा, छात्र परिषद के अध्यक्ष गौतम आनंद आदि लोग उपस्थित थे।