पटना
स्टेशन रोड फ्लाईओवर नीतीश सरकार का एक और तोहफा: राजीव रंजन प्रसाद
By Deshwani | Publish Date: 27/12/2017 8:38:15 PMपटना, (हि.स.)। जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बुधवार को कहा कि राजधानी पटना में स्टेशन रोड फ्लाईओवर बिहारवासियों के लिए नीतीश सरकार का एक और तोहफा है। तेज तरक्की और व्यापक सुधार की राह पर बढ़ रहे बिहार में नीतीश राज के पहले इस तरह के विकास कार्यों की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।
राजीव रंजन ने कहा कि अपने शासन के अब तक के 12 वर्षों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को उन नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है, जहां हम लोग अब विकसित बिहार बनाने की कल्पना करते और योजना बनाते हैं। बिहार की इस तरक्की में इस तरह के फ्लाईओवर पुलों, पुलिया और सड़कों का बड़ा योगदान है। अगले पांच साल में 2022 तक पटना में सड़कों, फ्लाईओवरों का जाल बिछ जाएगा और बड़ी आबादी के बावजूद लोगों को आवाजाही में कोई कठिनाई नहीं होगी।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को न केवल कल के जंगलराज और पिछड़ेपन से बाहर निकाल कर आज के तेज विकासशील दौर में पहुंचाया, बल्कि भविष्य के विकसित बिहार का निर्माण करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। देश-दुनिया के आकर्षण का केंद्र बना हुआ बिहार सुशिक्षित और हुनरमंद लोगों का हब विकसित हो रहा है। यहां बड़ी संख्या में छोटे-बड़े निवेश से उद्योग, सेवा, व्यवसाय का जाल बिछने जा रहा है। बिहार उत्पादन और रोजगार के बड़े केंद्र के रूप में परिवर्तित होने की तैयारी में है। यह सब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल और तत्परता से संभव हो रहा है।