बिहार
जय शाह की कंपनी के टर्नओवर पर उठे सवालों से भाजपा की छवि को लगा धक्का : यशवंत सिन्हा
By Deshwani | Publish Date: 11/10/2017 8:04:36 PMपटना, (हि.स)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने बुधवार को कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह की कंपनी के टर्नओवर को लेकर उठे सवालों से पार्टी की छवि को धक्का पहुंचा है। केन्द्र सरकार को मामले की जांच करानी चाहिए तथा कंपनी के लोगों को सफाई देनी चाहिए।
यशवंत सिन्हा लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 115 जयंती पर कदमकुआं स्थित जेपी के चरखा समिति आवास पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे थे। नोटबंदी सहित अन्य आर्थिक मोर्चे पर वित्त मंत्री अरुण जेटली पर उनके हमला बोलने के संबंध में पूछने पर उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री पद से इस्तीफा देना जेटली के विवेक पर है। उन्होंने अपने पुत्र केन्द्रीय राज्यमंत्री जयंत सिन्हा का यह कहते हुए बचाव किया कि वे राजधर्म निभा रहे हैं और हम राष्ट्रधर्म।
उन्होंने रेल मंत्री पीयूष गोयल को निशाने पर लेते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि वह जय शाह की कंपनी के सीए के तौर पर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की बात कहने वाली बीजेपी नैतिक आधार खो चुकी है।