बिहार
''ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को दी जाएगी सहायता''
By Deshwani | Publish Date: 16/3/2017 2:21:15 PMपटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को सहायता देने की विधान सभा में गुरूवार को घोषणा की। प्रश्नकाल के बाद प्रतिपक्ष के नेता प्रेम कुमार द्वारा उठाए गए किसानों के फसलों को ओलावृष्टि से हुए नुकसान के मामले में हस्तक्षेप करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि हाल ही में हुए ओलावृष्टि से किसानों को भारी क्षति पहुंची है। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित अधिकारियों को प्रभावित जिलों में विस्तृत सर्वेक्षण कराने का तत्काल निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को सहायता दी जाएगी। इससे पहले मामले पर सदन का ध्यान आकृष्ट करते हुए प्रेम कुमार ने कहा कि हाल ही में ओलावृष्टि हुई है जिससे आम ,लीची , मंजरों और किसानों की फसलों को भारी क्षति हुई है। उन्होंने किसानों की फसलों को हुए नुकसान की भरपाई करने की सरकार से मांग की। प्रेम कुमार के समर्थन में भाजपा के सभी सदस्य अपने-अपने स्थान से खड़े होकर किसानों के हित में जोर-जोर से बोलने लगे। मुख्यमंत्री के इस विषय का संज्ञान लेते ही भाजपा के सदस्य शांत हो कर बैठ गए जिसके बाद नीतीश कुमार ने प्रभावित किसानों को सहायता दिए जाने की घोषणा की।