बिहार
बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के लिए धरना देगी जाप: राजेश रंजन ‘पप्पू‘
By Deshwani | Publish Date: 30/8/2017 6:03:19 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय महासचिव राजेश रंजन ‘पप्पू‘ ने कहा कि गुरुवार, 31 अगस्त को पार्टी स्थापना दिवस है। लेकिन पार्टी इस साल अपने स्थापना दिवस को बाढ़ की वजह से संघर्ष दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत बाढ़ प्रभावित जिला मुख्यालय और अनुमंडल मुख्यालयों में एकदिवसीय धरना का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बाढ़ के कारण राज्य के 20 जिले बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। हजारों लोगों की मौत हुई है। सैकड़ों पशु पानी में बह गये। अरबों की क्षति हुई है। श्री यादव ने कहा कि हम पिछले 15 दिनों तक बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहकर पीडि़तों से मुलाकात की। राहत व खाद्य सामग्री का वितरण करवाया। पार्टी की ओर से सभी जिलों में राहत शिविर चलाया गया। पार्टी की ओर से पीडि़तों की आर्थिक मदद भी की गयी।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित राहत कार्यों को अपर्याप्त बताया। इसलिए जन अधिकार पार्टी धरना के दौरान केंद्र और राज्य सरकार से बिहार के इस भीषण बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग करेगी। राजेश रंजन ‘पप्पू‘ ने कल आयोजित होने वाले इस धरना में लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की । उन्होंने कहा कि पार्टी आमलोगों के हितों और मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी। पार्टी ही बिहार में असली विपक्ष भी भूमिका का निवाई कर रही है।