पटना, (हि.स.)। बिहार विधानसभा ने बुधवार को विपक्ष के भारी शोर शराबे और हंगामा के बीच छह विधेयक 40 मिनट में पारित कर दिया। इसी तरह परिषद में भी आधा घंटा में विधानसभा से पारित चार विधेयक पारित हुए। राजद सदस्यों ने दोनों सदनों में सृजन घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से इस्तीफे की मांग को लेकर सदन के बीच आकर नारेबाजी करते रहे।
विधानसभाध्क्ष विजय कुमार चौधरी ने विपक्षी सदस्यों को अपनी सीटों पर जाकर बातें रखने की अपील की। हंगामा नहीं थमते देख उन्होेंने वित्त मंत्री सुशील कुमार मोदी को बिहार विनियोग अधिकाई व्यय संख्या—2 विधेयक,2017 पेश कर और स्वीकृत करने का प्रस्ताव रखने को कहा। इसके बाद ध्वनि मत से मंजूर कर दिया। सदन ने मोदी द्वारा पेश बिहार कराधान विधि संशोधन एवं विधि मान्यकरण विधेयक,2017 को स्वीकृत कर दिया।
शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा ने बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग विधेयक, 2017 और बिहार राज्य विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक,2017 पेश किया। नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने बिहार राज्य जल और वाहित मल बोर्ड निरसन विधेयक,2017 पेश किया। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बिहार चिकित्सा संशोधन विधेयक,2017 पेश किया।
उधर विधान परिषद में उप सभापति हारुण रशीद ने विपक्ष के शोर शराबे के बीच ध्वनि मत से विधानसभा से पारित चार विधेयकों जिसमें बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त संशोधन विधेयक,2017, बिहार काश्तकारी संशोधन विधेयक ,2017, बिहार काश्तकारी संशोधन विधेयक,2017, बिहार भूमि दाखिल खारिज संशोधन विधेयक,2017 और बिहार पंचायत राज संशोधन विधेयक,2017 पारित कर दिया।