बिहार
राजद नेताओं की संपत्ति खोज यात्रा पर निकलना चाहिए : राजीव
By Deshwani | Publish Date: 22/8/2017 6:30:51 PMपटना, (हि.स.)। जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा है कि भ्रष्टाचार, अराजकता और कानून विरोधी काम करना जिस दल का चरित्र हो, ऐसी राजनीतिक शैली वाले राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं को संपत्ति खोज यात्रा पर निकलना चाहिए।
मंगलवार को अपने एक बयान में उन्होंने कहा कि सत्ता हाथ से जाने और गैरकानूनी तरीके से अर्जित बेहिसाब संपत्ति को बचाने की उनकी छटपटाहट से उनके लिए यही सुझाव उचित जान पड़ता है। इसके ठीक विपरीत, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कभी सत्ता का दुरुपयोग नहीं किया। उन्होंने सत्ता को हमेशा जनता की सेवा का माध्यम माना। इसलिए उन्होंनेे राजद नेताओं से मुख्यमंत्री पर आरोप लगाने से बचने की नसीहत दी।
राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि बिहार आज काफी बदल चुका है इसके साथ ही लोगों की सोच भी बदल गई है। प्रगतिशील भारत के निर्माण में योगदान के लिए बिहार के लोग नकारात्मक राजनीति, भ्रष्टाचार और अराजकता से दूर-दूर का भी संबंध नहीं रखना चाहते। राजद नेताओं को इस भ्रम से भी मुक्त हो जाना चाहिए कि उन्हें किसी जातीय गोलबंदी का लाभ मिल सकता है।