पटना
मुख्यमंत्री के शपथग्रहण में विपक्ष नदारद
By Deshwani | Publish Date: 27/7/2017 3:38:30 PMपटना, (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्ष की उपस्थिति नदारद रही। शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत नारायण नड्डा और पार्टी नेता अनिल जैन के अलावा मुख्यमंत्री नीतीश के भाई सतीश और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की पत्नी और पुत्र भी उपस्थित थे।
लगभग 20 मिनट में शपथ ग्रहण समारोह कार्यवाही पूरी हो गयी। चार वर्षों के बाद बिहार में जदयू के साथ सत्ता में लौटी भाजपा के नेता-कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद भाजपा की सत्ता में वापसी पर प्रदेश कार्यालय में जश्न का माहौल रहा। नव नियुक्त उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का पार्टी नेताओं ने अभिनंदन किया। इस मौके पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाया गया। पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, केन्द्रीय मंत्री नड्डा सहित प्रदेश के प्राय: सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे। कांग्रेसमुक्त अभियान के तहत बिहार में महागठबंधन सरकार के पतन के साथ भाजपा को जदयू के रूप में पुराना दोस्त मिल गया है। वहीं राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी राजद-कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने की बड़ी कामयाबी मिली है।