बिहार
सत्ता की मर्यादा का उल्लंघन कर रहे तेजस्वी, पत्रकारों को मानने लगे दुश्मन: पप्पू
By Deshwani | Publish Date: 12/7/2017 6:13:23 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एजाज अहमद और अभियान समिति के अध्यक्ष आनंद मधुकर यादव ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के अंगरक्षकों द्वारा पत्रकारों के साथ मारपीट की घटना की निंदा की है। आज पटना में जारी संयुक्त बयान में उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सत्ता की मर्यादा का उल्लंघन करने लगे हैं। राजनीतिक विरोधियों के साथ ही वे पत्रकारों को भी अपना दुश्मन मानने लगे हैं।
श्री यादव ने कहा कि मुख्य सचिवालय परिसर में उपमुख्यमंत्री के अंगरक्षकों ने पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार किया और मारपीट की। यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया पर हमला है और हम इसकी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि सीबीआई की छापेमारी और एफआईआर दर्ज होने के बाद लालू परिवार का व्यवहार अमर्यादित हो गया है। लालू परिवार को कानून और संविधान पर भरोसा करना चाहिए। उन्होंने उपमुख्यमंत्री द्वारा पत्रकारों को गुंडा कहे जाने पर भी घोर आपत्ति की।