बिहार
नीतीश कुमार ने अपने सिद्धांतों को दे दी तिलांजलि : श्रीभगवान सिंह कुशवाहा
By Deshwani | Publish Date: 11/7/2017 6:59:20 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के पास वोट नहीं है। उनकी नैया लालू – कांग्रेस के वोट पर पार हो रही है। ये बात 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान अलग – अलग चुनाव लड़कर साबित हो चुकी है।
श्रीकुशवाहा ने कहा कि अब तीन फीसदी वाले आदमी का जमाना खत्म हो गया है। आज दौर उनका है, जिनके पास वोट होगा। वहीं लोग राज भी करेंगे। उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी नीतीश कुमार को घेरा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर यू – टर्न ले लिया है। उन्होंने सन 2005 में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद जीतन राम मांझी से महज कुछ ही घंटों में इस्तीफा सिर्फ इसलिए ले लिया था, कि उनपर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। उसके बाद परिवहन मंत्री के पद से आर एन सिंह का भी इस्तीफा भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद लिया था, मगर अब जब सीबीआई द्वारा उप मुख्यमंत्री पर एफआईआर दर्ज हो गया है, फिर भी वे मौन हैं। यह बताता है कि नीतीश कुमार ने अपने सिद्दांतों की तिलांजलि दे दी है।