बिहार
27 अगस्त की रैली एक परिवार के कुकर्मों को ढंकने की कोशिश : पप्पू यादव
By Deshwani | Publish Date: 3/7/2017 5:48:57 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि वे युवाओं और छात्रों की ताकत के भरोसे पर बिहार को बदलने की चुनौती स्वीकार कर रहे हैं। पटना में जारी बयान में उन्होंने कहा कि उनकी नीतियों और कार्यक्रमों में युवा और छात्रों ने विश्वास व भरोसा जताया है। इसी ताकत के बल पर जन अधिकार पार्टी (लो) बदलाव के लिए आगे बढ़ रही है। श्री यादव ने कहा कि 6 जुलाई को पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होगी और 7 जुलाई को छात्रों के साथ बैठक करेंगे। उसी दिन पार्टी के डिजिटल अभियान को नया आकार दिया जाएगा। सांसद श्री यादव ने अपने बयान में कहा कि बिहार में बेमेल गठबंधन की सरकार है। यह गठबंधन सत्ता और परिवार के अस्तित्व को बचाने के लिए है। इससे विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि भय के वातावरण में सरकार चलाने वाले मुख्यमंत्री से विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती है। श्री यादव ने कहा कि सत्ता संरक्षित अपराधी सरकार चला रहे हैं। राज्य की 12 करोड़ जनता की चिंता किसी को नहीं है। उन्होंने कहा कि 27 अगस्त को प्रस्तावित रैली एक परिवार के कुकर्मों को ढंकने की कोशिश है। दोनों भाईयों ने दलितों का सिर्फ इस्तेमाल किया है।
श्री यादव ने जीएसटी की चर्चा करते हुए कहा कि एक न्याय, एक स्वास्थ्य और एक शिक्षा के बिना ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की कल्पना निरर्थक है। जीएसटी का सर्वाधिक लाभ अमीरों का ही मिलने वाला है। सरकार को यह प्रयास करना चाहिए कि इसका लाभ आमलोगों तक भी पहुंचे। सांसद ने कहा कि बेनामी संपत्ति के खिलाफ जन अधिकार पार्टी (लो) निर्णायक लड़ाई लड़ेगी और इस मुद्दे को न्यायालय में ले जाएगी।