बिहार
शिक्षा की बदहाली के लिए जिम्मेवार अधिकारियों के खिलाफ हो कार्रवाई: पप्पू यादव
By Deshwani | Publish Date: 22/6/2017 8:19:31 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने राज्य में शिक्षा की बदहाली के लिए जिम्मेवार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आज पटना में जारी बयान में उन्होंने कहा कि बिहार सरकार देश के अन्य राज्यों की तुलना पर शिक्षा पर अधिक व्यय करती है। इसके साथ ही, बिहार में अन्य विभागों की तुलना में शिक्षा पर अधिक खर्च होता है। इसके बावजूद बिहार की शिक्षा खस्तहाल है। बिहार की डिग्री अविश्वसनीय हो गयी है और परीक्षा परिणाम मजाक बन गया है।
सांसद ने कहा कि अपाहिज हो गये प्रशासनिक तंत्र और भ्रष्ट राजनीतिक व्यवस्था के खिलाफ महाभारत से भी बड़़ी लड़ाई की जरूरत है। इसके लिए और इंतजार नहीं किया जा सकता है। आज मैट्रिक का रिजल्ट आया है, जिसमें 50 प्रतिशत परीक्षार्थी फेल हो गये हैं। यह स्थिति तब है, जब छात्रों को ग्रेस मार्क्स भी दिये गये। उन्होंने कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए कि शिक्षा पर सर्वाधिक खर्च होने के बावजूद शिक्षा की गुणवत्ता क्यों खत्म हो रही है। क्वालिटी और क्वांटिटी में क्यों गिरावट आ रही है। शिक्षा पर खर्च होने वाले पैसे कहां जा रहे हैं। क्या इन पैसों से दलालों, अधिकारियों और मंत्रियों के घर भरे जा रहे हैं।