पटना
हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा ने नेताओं का किया पुतला दहन
By Deshwani | Publish Date: 17/6/2017 6:22:35 PMपटना, (हि.स.)। बिहार में गिरती शिक्षा व्यवस्था, मीडिया पर अभद्र टिप्पणी, छात्र नेताओं पर लाठी चार्ज सरकारी सेवा का दुरूपयोग पर शनिवार को हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के छात्र प्रकोष्ठ ने कारगिल चौक पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप एवं शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी का पुतला दहन किया । कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी अध्यक्ष रितेश कुमार ठाकुर ने किया।
मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता शैलेश कुमार मिश्रा ने कहा कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था चौपट हो गई है। लालू यादव के मीडिया पर अभद्र टिप्पणी की निन्दा करते हुए कहा कि मीडिया का अपमान पूरे देश का अपमान है। लालू यादव को मीडिया से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही छात्र नेताओं पर लाठीचार्ज का विरोध करते हुए, छात्रा से दुर्व्यवहार में निलंबित दारोगा सुनील चौधरी को जेल भेजने की मांग की।
शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी की बर्खास्तगी की माॅंग करते हुए कहा कि लालू यादव की मामूली बिमारी होने पर डाॅक्टरों का टीम लगा दिया जाता है। पद का दुरूपयोग करने पर तेजप्रताप से भी इस्तीफे की माॅंग की। साथ ही यह भी कहा कि लालू यादव की बिमारी और मीडिया पर तंज कसने के बाद भी मुख्यमंत्री का चुप्पी साधे रहना यह स्पष्ट करता है कि यह सरकार रिमोट के द्वारा चलाया जा रहा है। जिसका कंट्रोल खुद लालू यादव रखे हुए हैं।