बिहार
छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मी को बर्खास्त करे सरकार : मोर्चा
By Deshwani | Publish Date: 7/6/2017 4:48:32 PMपटना, (हि.स.)| राष्ट्रीय सामाजिक न्याय मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रवि वर्मा एवं राष्ट्रीय महासचिव सह मुख्य प्रवक्ता नीलमणि पटेल ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठी चार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों को बर्खास्त किया जाये।
उन्होंने कहा है कि जिस तरह से नीतीश सरकार के इशारे पर मासूम छात्रों के उपर पुलिस प्रशासन ने बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया है वह लोकतंत्र का गला घोटने के समान है। लोकतांत्रिक शासन प्रणाली मे इस तरह की घटना का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अलोकतांत्रिक रवैये से लोकतंत्र की बुनियाद कमजोर होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नैतिकता के आधार पर इस्तीफ देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि बिहार की शिक्षा व्यवस्था बेहतर होती और सरकार शिक्षा को लेकर गंभीर होती तो आज इस तरह के परिणाम सामने नहीं आते। राज्य में व्याप्त शैक्षणिक भ्रष्टाचार और नीतीश सरकार में शिक्षा माफियाओं का प्रभुत्व के कारण आज बिहार की शिक्षा व्यवस्था पटरी से उतर गयी है, जो चिन्ता का विषय है। सरकार छात्रो पर जुल्म करना बंद कर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियो को बर्खास्त करे।