पटना, (हि.स.)। जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा है कि बिहार में हालिया संपन्न नगर निकायों के चुनावों में आरक्षित सीटों से काफी ज्यादा संख्या में महिलाओं का जीतकर आना राज्य में महिलाओं की मजबूत होती स्थिति का सबूत है। उन्होंने यह बात सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कही।
प्रसाद ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार देश का अग्रणी राज्य है। मुख्यमंत्री ने देश में पहली बार बिहार में महिलाओं को पंचायतीराज संस्थाओं में 50% आरक्षण देकर आधी आबादी को उनका वाजिब हक देने की दिशा में क्रांतिकारी कदम उठाया था। यहां शिक्षक नियोजन में भी महिलाओं को 50% आरक्षण है। पुलिस समेत सभी सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण तथा ठेकों, पीडीएस लाइसेंस आदि में भी उन्हें आरक्षण दिया गया है।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में महिलाओं के सशक्त होने के कई कारक हैं। शिक्षा पर विशेष ध्यान के साथ स्वयंसहायता समूहों और जीविका जैसे समाजार्थिक प्रयासों ने बिहार की महिलाओं को जबरदस्त जागरूक किया है। स्कूली बालिकाओं को साइकिल देने की छोटी सी, मगर अनोखी शुरुआत करके नीतीश कुमार जी ने शिक्षा प्रोत्साहन के जो कार्यक्रम शुरू किए, उसे पीजी तक बालिका शिक्षा निःशुल्क करने तक पहुंचाया।
प्रसाद ने कहा कि बिहार की बालिकाएं लड़कों से होड़ लेती हैं और शिक्षा और करियर के हर क्षेत्र में नाम कमा रही हैं। इसी प्रकार, महिलाओं के स्वयंसहायता समूहों और जीविका समूहों को सरकारी प्रोत्साहन विविध व्यावसायिक प्रशिक्षण से सामान्य घरेलू जीवन जी रही, महिलाओं में काम और अर्थोपार्जन की अक्ल तथा बचत की आदत विकसित हुई है। नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण के चौतरफा प्रयास किये हैं, इसलिए बिहार की महिलाएं देश में सबसे आगे बढ़कर अपना और बिहार का नाम रौशन कर रही हैं।