बिहार
दोनों किडनी गवां चुकी नंदिनी की मदद को सामने आए सांसद पप्पू यादव
By Deshwani | Publish Date: 24/5/2017 7:36:03 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय संरक्षक व सांसद पप्पू यादव अपनी दोनों किडनी गंवा चुकी नंदिनी की मदद को आगे आए हैं। सांसद के निर्देश पर आज जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय महासचिव प्रेमचंद्र सिंह और राजेश रंजन पप्पू ने उसे तत्काल 20,000 की आर्थिक मदद की। साथ ही उसकी किडनी ट्रांसप्लांट के समय दिल्ली में होनेवाले खर्च में यथा संभव मदद करने का वादा भी किया।
गौरतलब है कि नंदनी पटना सिटी के एक अधिवक्ता की बेटी है, जिसकी दोनों किडनी फेल है। वह पिछले दो सालों से डायलिसिस के सहारे जी रही है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उसके परिवार वाले उसका इलाज कराने में सक्षम नहीं है। इसलिए तंगहाली में उसकी तबीयत जब ज्यादा बिगड़ गई है, तब डाक्टरों ने दोनों किडनी ट्रांसप्लांट के लिए कहा। मगर परिवार की स्थिति ऐसी नहीं है कि वे किडनी ट्रांसप्लांट करवा पाए। सांसद पप्पू यादव को जब नंदिनी की हालत के बारे में जानकारी हुई तो उसकी मदद करने का फैसला किया।