झारखंड
सांसद ने पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर
By Deshwani | Publish Date: 5/6/2017 4:23:20 PMमेदिनीनगर,(हि.स.)। पर्यावरण का संरक्षण और संवर्धन हम सबकी जिम्मेवारी है। जनसंख्या निरंतर बढ़ रही है, ऐसे में हमें यह सोचने की जरूरत है कि हम अपने आने वाली पीढ़ियों के लिए क्या छोड़कर जा रहे हैं। सोमवार को यह बातें पलामू सांसद बीडी राम ने कहीं। उन्होंने कहा कि जिनका भी शौचालय बन गया है, वे शौचालय का नियमित इस्तेमाल करें। अगर हम सभी अपने पंचायत को खुले में शौच मुक्त बनाने में सफल होते हैं तो यही पर्यावरण दिवस की सार्थकता होगी। वह विश्व पर्यावरण दिवस पर सदर प्रखंड के कौड़िया पंचायत स्थित चुकरु गांव में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस मनाने के लिए चुकरु गांव का चयन किया जाना सुखद अहसास कराता है। यह बहुत ही जरूरी और अच्छी पहल है। इससे यहां के लोग जागरुक और सचेत होंगे। फ्लोराइड से बचाव के लिए जो उपकरण गांव में लगाए गए हैं उसकी नियमित सफाई करें। उसकी देखरेख और व्यवस्थित रखने का दायित्व ग्रामीणों का है। जंगलों की कटाई से आम जनजीवन प्रभावित होता है इसीलिए जंगल काटना बंद करें और इसे रोकने का प्रयास करें। मौके पर बिंदेश्वर उरांव की जमीन में पौधा रोपण किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि पेड़ रहेगा, तभी जीवन बचेगा। उन्होंने कहा कि दो माह पहले चुकरु में पेयजल आपूर्ति योजना शुरू हुई है, इसका विस्तार करने की जरूरत है। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन एसडीओ नैंसी सहाय ने किया।