नेपाल
नेपाल में निकाय चुनाव की घोषणा एक हफ्ते में : विमलेंद्र
By Deshwani | Publish Date: 18/1/2017 5:21:21 PMविजय कुशवाहा
Nepal वीरगंज (नेपाल)। नेपाल में एक हफ्ते के भीतर स्थानीय निकाय चुनाव की घोषणा हो सकती है। सरकार इसपर गंभीरता से विचार कर रही है। अफसरों व कर्मचारियों को इसकी तैयारी के संकेत दे दिए गए हैं। कार्यवाहक प्रधानमंत्री व गृहमंत्री विमलेंद्र निधि ने वीरगंज में अयोजित पत्रकार सम्मेलन में यह बात कही। उन्होंने कहा कि संविधान संशोधन विधेयक को सदन में पारित कराने के लिए हालांकि सरकार के पास दो तिहाई बहुमत है, मगर सरकार इस मुद्दे पर एमाले के साथ-साथ सभी विपक्षी दलों को विश्वास में लेना चाहती है। कारण कि संशोधन की प्रक्रिया एमाले की सहमति से ही आगे बढ़ी थी।
उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव व संशोधन विधेयक देश के लिए जरूरी है, पर इसके साथ-साथ देश का पुननिर्माण भी सरकार की प्राथमिकता सूची में है। भूकंप से हुई भारी तबाही से उबरने के लिए सरकार पुननिर्माण के काम को तेजी से करना चाहती है। इसके लिए कड़े निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि वीरगंज देश की लाइफलाइन है। इस शहर का विकास होने से देश का विकास होगा। यहां की सड़कों को और चौड़ा किया जाएगा। इसमें जनता का सहयोग जरूरी है। मौके पर प्रेस युनियन के अध्यक्ष रामनारायण कुर्मी, गृहमंत्री के प्रेस सलाहकार रामजी दहाल, विपुल पोखरेल, खिला कार्की, कन्हैयालाल केशरी, विजय कुशवाहा, कांग्रेस नेता अजय चौरसिया व अजय द्विवेदी भी थे।