राष्ट्रीय
सोनिया नहीं रिटायर, सीएलपी-यूपीए अध्यक्ष पद पर बनी रहेगी
By Deshwani | Publish Date: 1/1/2018 4:53:00 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी अध्यक्ष पद से भले ही इस्तीफा दे दिया है लेकिन वह सोलहवीं लोकसभा के कार्यकाल तक पार्टी संसदीय दल (सीएलपी) अध्यक्ष और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) अध्यक्ष बनी रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में 16 दिसम्बर को सोनिया ने विधिवत तौर से कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी अपने पुत्र राहुल गांधी को सौंप दी थी। इसके बाद राजनीतिक जगत में सोनिया के रिटायरमेंट की अटकलें लगने लगी थी। पार्टी सूत्रों के अनुसार सोनिया गांधी सोलहवीं लोकसभा का कार्यकाल पूरा होने तक सीएलपी के अध्यक्ष पद पर बनी रहेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल अभी यह दायित्व नहीं संभालेंगे। सोलहवीं लोकसभा में सोनिया रायबरेली से सांसद भी हैं। वे बतौर यूपीए अध्यक्ष विपक्ष का एक प्रमुख चेहरा हैं। फ़िलहाल सोनिया गोवा में क्रिसमस और नववर्ष की छुट्टियां मना रही है। हाल ही में उनकी साइकिलिंग करते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हुई थी।