राष्ट्रीय
हैदराबाद के मुस्लिम बुजुर्ग को शिकागो में गोली मारी, सुषमा स्वराज ने मदद की
By Deshwani | Publish Date: 31/12/2017 3:41:13 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। अमेरिका के शिकागो शहर में रहने वाले हैदराबाद के एक मुस्लिम बुजुर्ग को अज्ञात लोगों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। उस मुस्लिम बुजुर्ग के बेटे सैयद मुजफ्फर हुसैन को हैदराबाद में जब ये खबर मिली, तो उन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मदद मांगी। सुषमा स्वराज ने शिकागो में भारतीय काउंसुलेट को इस पूरे मामले को देखने को कहा और मुस्लिम बुजुर्ग और उनके परिवार की हरसंभव मदद के आदेश दिए।
विदेश मंत्री के आदेश पर शिकागो स्थित भारतीय काउंसुलेट के काउंसल जनरल नीता भूषण ने अपने सहयोगी काउंसल श्री मीणा के साथ मुस्लिम बुजुर्ग से अस्पताल में मुलाकात की और सारे घटनाक्रम की जानकारी ली। नीता भूषण ने बताया कि शिकागो शहर के एक गैस स्टेशन पर नौकरी करने वाले मुस्लिम बुजुर्ग पर लूटपाट के इरादे से गोली चलाई गई थी। दो गोलियां लगने से बुजुर्ग बुरी तरह घायल हो गए थे, जिस पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। नीता भूषण ने विदेश मंत्री को जानकारी दी कि शिकागो स्थित भारतीय कांसुलेट इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय पुलिस से संपर्क में हैं।
ये पहला मौका नहीं है जब विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने विदेशी जमीन पर मुसीबत में फंसे किसी भारतीय की मदद की हो। सोशल मीडिया साइट्स ट्विटर के जरिए पूरी दुनिया में बसे भारतीय, सुषमा स्वराज से मदद मांगते हैं, और वे मदद के लिए हरसंभव प्रयास करती हैं।