राष्ट्रीय
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री गडकरी अचानक हुए अस्वस्थ
By Deshwani | Publish Date: 29/12/2017 4:57:37 PMमाजुली, (हि.स.)। केंद्रीय पोत, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग आदि मंत्रालयों के मंत्री नितिन गडकरी शुक्रवार को एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के दौरान अचानक अस्वस्थ हो गए। पास में मौजूद चिकित्सकों ने तुरंत उनकी चिकित्सा शुरू की। जांच के बाद चिकित्सकों ने बताया कि नितिन गडकरी पूरी तरह से स्वस्थ हैं। उनका ब्लड प्रेशर, शुगर, पल्स आदि सभी कुछ नॉर्मल है। चिकित्सकों ने बताया कि मौसम में बदलाव के चलते उनको कुछ असहज महसूस हो रहा था। कुछ देर आराम करने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें पूरी तरह से स्वस्थ करार दिया।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री गडकरी ऊपरी असम में ब्रम्हपुत्र नद के बीचों बीच स्थित विश्व के सबसे बड़े नदी द्वीप माजुली में राष्ट्रीय जलमार्ग-2 से होकर नियमित माल परिवहन मार्ग के शुभारंभ अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। गडकरी उस समय अस्वस्थ हो गए जब असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल उपस्थित जनता को संबोधित कर रहे थे।
ज्ञात हो कि केंद्रीय मंत्री असम के तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को माजुली पहुंचे थे। राष्ट्रीय जलमार्ग के उद्घाटन के पश्चात उनका राष्ट्रीय उद्यान काजीरंगा में जाने का कार्यक्रम निर्धारित था। चिकित्सकों द्वारा उनको स्वस्थ बताए जाने के बाद वे माजुली से काजीरंगा के लिए रवाना हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार गडकरी काजीरंगा में पूर्वोत्तर में निर्मित और निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा बैठक में हिस्सा लेंगे। जिसमें पूर्वोत्तर के कई राज्यों के पीडब्ल्यूडी मंत्री हिस्सा लेंगे।