राष्ट्रीय
आरक्षण के मुद्दे पर सांसद उदित राज ने की रैली, कहा मिले पदोन्नति में भी आरक्षण
By Deshwani | Publish Date: 26/12/2017 6:15:10 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। अनूसूचित जाति व जनजाति संगठनों के अखिल भारतीय परिसंघ के नेता एवं भाजपा सांसद उदित राज के नेतृत्व में दिल्ली के रामलीला मैदान में मंगलवार को पदोन्नति में आरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर रैली की।
रैली में दिल्ली और देशभर से करीब 35 हजार दलित एवं पिछड़ा वर्ग से जुड़े लोग मौजूद थे। रैली को संबोधित करते हुए सांसद उतिद राज ने अपनी ही सरकार से मांग की पदोन्नति में आरक्षण का विधेयक संसद में भी पारित कराया जाए। परिसंघ के कार्यकर्ताओं के सर पर नीली टोपी थी जिसमें आरक्षण बचाओ लिखा हुआ था और जय भीम के नारे लग रहे थे। सुबह 11 बजे से चल रही रैली के लिए देशभर से कई बसें आई हुई थी।
उतिराज ने कहा कि यह रैली केवल पिछड़ों के लिए नहीं है बल्कि गरीबों के लिए भी है। उन्होंने कहा कि भारत में सामाजिक असमानता के बाद अब आर्थिक असमानता काफी बढ़ गई है। ऐसे में देश तब तक आगे नहीं बढ़ सकता जब तक असमानता की इस खाई को कम नहीं किया जाता।
उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे आरक्षण का लाभ कम होता जा रहा है। सरकारें ज्यादातर काम अनुबंध पर करा रही है और निजी क्षेत्र में आरक्षण की बात को अस्वीकार किया जा रहा है। उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि आरक्षण के चलते काम कार्य गुणवत्ता कम होती है।
जम्मू-कश्मीर में रह रहे अनुसूचित जाति के लोगों को आरक्षण का लाभ नहीं मिल पाने पर उन्होंने मांग की कि धारा 370 को हटाया जाए और ताकि वहां बाद में आकर बसे लोगों को आरक्षण मिल सके। इसके अलावा उन्होंने उच्च न्यायपालिका में भी आरक्षण की मांग की।