राष्ट्रीय
भाजपा की जीत का दौर खत्म होने वाला है : करात
By Deshwani | Publish Date: 26/12/2017 10:18:20 AMझुंझुनू, (हि.स.)। माकपा पोलितब्यूरो के सदस्य व पूर्व महासचिव कामरेड प्रकाश करात ने कहा है कि भाजपा की जीत का दौर अब खत्म होने वाला है। गुजरात चुनाव में जिस तरह से परिणाम सामने आए हैं। उससे साफ हो गया है कि भाजपा के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में यह असंतोष भाजपा को रिवर्स में लाएगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि कांग्रेस की कमजोरी का फायदा भाजपा को मिल रहा है।
करात सोमवार को झुंझुनू में पत्रकार से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में फरवरी में चुनाव प्रस्तावित है। जहां पर माकपा की सीधी टक्कर भाजपा से होगी। इसके परिणाम देश को नई दिशा देंगे। करात ने यह भी कहा कि जहां-जहां भाजपा की कांग्रेस से टक्कर थी भाजपा वहीं पर जीती है। अब जिन राज्यों में वामपंथी पार्टियां और क्षेत्रीय पार्टियां है। वहां पर भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भी जनवादी आंदोलन को मजबूत करने के लिए धरती तैयार की जा रही है। हर वर्ग भाजपा सरकार से दुखी है। जिसके लिए प्रदेश में जनवादी आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड अमराराम ने कहा कि आगामी विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सरकार को घेरने का काम प्रदेश का किसान करेगा। इसके लिए रणनीति तैयार कर ली गई है। चार अलग-अलग जत्थों से पूरे प्रदेश के किसान पैदल मार्च से विधानसभा पहुंचेंगे और सरकार से तीन माह पहले हुए समझौते को लागू करने की मांग करेंगे। इससे पहले हर पंचायत में जाकर किसान सभा और उनके सहयोगी 184 संगठन किसान संसद करेंगे। उन्होंने गत दिनों जयपुर में हुई किसान आक्रोश रैली पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जब नेता सत्ता में थे तो किसान को डुबाने का काम किया और अब जब जनता ने जमीन पर ला दिया तो उन्हें किसान आने लगे। साथ ही अमराराम ने कहा कि ऐसे नेताओं को सद्बुद्धि आनी चाहिए और जो किसान के लिए लड़ रहा है। उनके साथ होकर किसानों की आवाज बुलंद करनी चाहिए।