राष्ट्रीय
लालू चारा घोटाला से निपटने के लिए तैयार, गठबंधन इससे अलग: कांग्रेस
By Deshwani | Publish Date: 23/12/2017 7:56:44 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। कांग्रेस ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी मुखिया लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले के एक और मामले में रांची की सीबीआई की विशेष अदालत की ओर से दोषी करार दिये जाने पर पार्टी को इस फैसले से अलग कर लिया है। कांग्रेस के अनुसार लालू और उनके वकील इससे निपटने के लिए पूरी तरह से सक्षम हैं।
हिन्दुस्थान समाचार द्वारा राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को दोषी करार दिए जाने के सवाल पर मनीष तिवारी ने कहा, 'ये मामला आज से नहीं चल रहा है। सालों पुराना है। आज के फैसले का सवाल है। वो और उनके वकील इससे निपटने के लिय पूरी तरह से सक्षम है। तथाकथित तौर पर इसमें पैसे का गबन हुआ था। अगर कोर्ट कोई नियम बनाता है तो हर मामले में उस पर अमल करना चाहिए। राज्य में अन्य मामलों की भी तहकीकात होनी चाहिए। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) अब मोदी सरकार की पालतू की तरह काम कर रहा है।'
मनीष तिवारी ने कहा, 'जहां तक सीबीआई और ईडी का सवाल है उन्हें सृजन मामले की भी जांच करनी चाहिए। जदयू और भाजपा का गठबंधन है इसलिए इसकी जांच नहीं हो रही है। ये मामला 1993-94 में शुरू हुआ था। आरजेडी के साथ कांग्रेस का गठबंधन भी रहा है। ऐसे फौजदारी के मामले और गठबंधन दोनों अलग-अलग मामले है।'
उल्लेखनीय है कि रांची में चारा घोटाले के एक मामलें में लालू यादव को दोषी करार दे दिया है। लालू को इस मामले में तीन जनवरी को सजा सुनाई जाएगी।