नई दिल्ली, (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात प्रदेश भाजपा के अनुसूचित जाति, आदिवासी और सागरखेरू मोर्चे के लगभग 8,000 से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ ऑडियो ब्रिज के माध्यम से सीधा संवाद किया। उन्होंने इस संवाद के द्वारा आगामी 9 व 14 दिसंबर को भाजपा के पक्ष में मतदान की भी अपील की।
गुरुवार को गुजरात प्रदेश भाजपा आदिवासी मोर्चे के लगभग 2600 कार्यकर्ताओं के साथ ऑडियो ब्रिज के माध्यम से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उमरगाम से अंबाजी तक का आदिवासी क्षेत्र गुजरात की आन-बान और शान हैं। उन्होंने कहा कि वनबंधु कल्याण और अन्य समाज कल्याण की योजनाओं के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों में अब तक 65,700 करोड़ से अधिक की राशि से विकास कार्य किये गए हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के जीवन में प्रगति से अनेक प्रकार का गुणात्मक परिवर्तन आया है और वह विकास के पथ पर तेज गति से अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को भाजपा में अटूट विश्वास है और भाजपा के कार्यकर्ता भी आदिवासी समाज के विकास के लिए पूर्ण निष्ठा से सेवा में लगे हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल महाकुंभ द्वारा अनेक आदिवासी खिलाड़ियों की प्रतिभा को अनुकूल अवसर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि ‘पीईएसए’ एक्ट एवं बांस को वृक्ष न गिनने के नियमों में सुधार के कारण सबसे ज्यादा लाभ आज आदिवासियों को मिल रहा है।
गुजरात भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के लगभग 2600 कार्यकर्ताओं को ऑडियो ब्रिज के माध्यम से संबोधन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने भारत रत्न डॉ बाबा साहब भीमराव अंबेडकर से जुड़े सभी स्थलों पर पंचतीर्थ का निर्माण करने का काम किया है चाहे वह उनकी जन्मभूमि महू हो, शिक्षा भूमि लंदन हो, दीक्षा भूमि नागपुर हो, निर्वाण भूमि मुंबई या फिर दिल्ली जहां उन्होंने अपना अंतिम समय व्यतीत किया था। उन्होंने कहा कि बीते बुधवार को अंबेडकर का ‘महापरिनिर्वाण दिवस' था| मुझे सौभाग्य मिला है कि आज मैं दिल्ली में डॉ अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर का उद्घाटन कर रहा हूँ ताकि आने वाली पीढ़ी को उनके जीवन से अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की निरंतर प्रेरणा मिल सके।
मोदी ने कहा कि दलित समाज के अंदर भाजपा के प्रति अनेक भ्रम फैलाए जा रहे हैं| फिर भी भाजपा के कार्यकर्ता दलितों की सेवा के लिए और उनके जीवन में बदलाव लाने के लिए कृतसंकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि हमने दलितों के विकास, दलित समाज के उत्थान के कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान एवं समाज में समानता के अधिकार की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है।
मोदी ने गुजरात भाजपा सागरखेरू मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सागरखेरू योजना ने सागर किनारे के मछुआरे भाइयों के विकास के लिए नए द्वार खोल दिए हैं। उन्होंने ब्लू रिवोल्यूशन के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि हम मछुआरे भाइयों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
प्रधानमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि मेरी आप सबसे विनती है कि आगामी 9 और 14 दिसंबर को दो चरणों में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव में अपनी पूरी ताकत से झूठे लोगों के षड्यंत्रों को उखाड़ फेंके।