राष्ट्रीय
मैडम मिनिस्टर, आप पाकिस्तान के लोगों के लिए मसीहा हो
By Deshwani | Publish Date: 10/10/2017 3:02:08 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अब पड़ोसी देश पाकिस्तान के लोगों के दिल जीत रही हैं। विदेशों में बसे भारतीय ही नहीं, पाकिस्तान के लोग भी अब सुषमा स्वराज के सहृदयता के दीवाने हो चले हैं।
पाकिस्तान के कराची विश्वविद्यालय से कानून में स्नातक शकील अहमद ने सोशल मीडिया साइट पर लिखा- 'मैडम मिनिस्टर, आप पाकिस्तान के लोगों के लिए मसीहा हो। खुदा आपको हमेशा खुश रखे'। वहीं पाकिस्तान के अमजद वकास लिखते हैं- आपका बहुत शुक्रिया। ये भारत की ओर से एक मानवतावादी कदम है। हम पाकिस्तानी इसकी दिल से प्रशंसा करते हैं। खुदा आपको नेमत बरते।
दरअसल विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से एक पाकिस्तानी नागरिक हामिद अली अशरफ ने अपने पिता के इलाज के लिए मदद मांगी। हामिद ने गुजारिश की कि उसे मेडिकल ग्राउंड पर भारत के लिए वीजा दिया जाए, जिससे वो अपने पिता का भारत में इलाज करवा सके। हामिद के पिता का लीवर ट्रॉन्सप्लांटेशन होना है। उनकी सेहत लगातार बिगड़ती जा रही थी। हामिद के इस निवेदन पर सुषमा स्वराज ने उन्हें मेडिकल ग्राउंड पर वीजा देने को कहा। सुषमा स्वराज और भारत सरकार के इस कदम का पाकिस्तानी नागरिकों ने स्वागत किया है।