राष्ट्रीय
केरल हिंसा का जवाब देगी जनता : वीके सिंह
By Deshwani | Publish Date: 9/10/2017 2:06:41 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। विदेश राज्यमंत्री जनरल वी. के.सिंह ने कहा है कि केरल में सत्ताधारी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रायोजित हिंसा का जवाब देशभर में जनजागरण से ही मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनता इसका जवाब देगी और वह स्वयं इसके लिए मंगलवार को केरल में जनरक्षा यात्रा में शामिल होंगे।
केरल में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में सोमवार को भी भाजपा की दिल्ली प्रदेश इकाई ने महादेव रोड से माकपा कार्यालय तक ''जनरक्षा यात्रा'' निकाली। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विदेश राज्यमंत्री जनरल वी. के.सिंह ने कहा कि वामपंथी सरकारों खासकर केरल की सरकार को जगाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता सडकों पर उतरे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं के प्रति राजनीतिक हिंसा का जवाब पूरे देश की जनता को जगाने से ही होगा। वामपंथी सरकारों का इतिहास रहा है कि हत्या करके विरोधी विचारों के समर्थकों को डराती रही हैं। वामपंथी सरकार कुर्सी बचाने के लिए हत्या का सहारा लेती रही है।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू, भाजपा के दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सांसद रमेश बिधूड़ी और जनरक्षा यात्रा के संयोजक राजेश भाटिया सहित अन्य सभी वरिष्ठ नेताओं ने मार्च से पूर्व कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया।