राष्ट्रीय
प्रधानमंत्री ने श्याम जी कृष्ण वर्मा को उनकी जयंती पर नमन किया
By Deshwani | Publish Date: 4/10/2017 6:12:49 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महान क्रांतिकारी एवं स्वतंत्रता सेनानी श्यामजी कृष्ण वर्मा की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री ने बुधवार को कहा “ मैं आदरणीय श्याम जी कृष्ण वर्मा को नमन करता हूं| उनकी देशभक्ति और भारत की आजादी के लिए प्रयास कभी भुलाये नहीं जा सकते।” उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर ही उनकी मृत्यु के 73 वर्ष बाद और स्वतंत्र भारत के 56 वर्ष बाद 2003 में उनकी अस्थियां देश की धरती पर लाने में सफलता मिली थी।
गौरतलब है कि श्यामजी कृष्ण वर्मा का जन्म 4 अक्टूबर 1857 को गुजरात के मांडवी गांव में हुआ था तथा मृत्यु स्विट्ज़रलैंड के जिनेवा स्थित एक अस्पताल में 31 मार्च 1930 को हुई थी। स्वतंत्रता आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले श्याम जी लेखक, वकील और पत्रकार भी थे। वह संस्कृत और वेद शास्त्रों के मूर्धन्य विद्वान थे। उन्होंने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से 1883 में बीए की डिग्री प्राप्त की थी और उन्हें डिग्री लेने वाले प्रथम भारतीय होने का गौरव प्राप्त हुआ था। क्रांतिकारी शहीद मदनलाल ढींगरा उनके शिष्यों में से थे तथा वीर सावरकर ने उनके मार्गदर्शन में लेखन कार्य किया था। इंग्लैंड में रहकर उन्होंने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को चलाकर अदम्य साहस का परिचय दिया था।