राष्ट्रीय
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति कोविंद को दी जन्मदिन की बधाई
By Deshwani | Publish Date: 1/10/2017 11:38:44 AMनई दिल्ली, (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनकी दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि वे हमेशा से देश की आवाम और गरीबों की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने ट्वीट संदेश में कहा राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें हमारे राष्ट्र के लिए समर्पित लंबा और स्वस्थ्य जीवन दे। उन्होंने कहा जबसे उनका कार्यकाल शुरू हुआ है राष्ट्रपति जी ने अपने सरल और दयालु प्रकृति के माध्यम से स्वयं को भारत के लोगों का प्रिय बना लिया है।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट संदेश में कहा मैंने हमेशा राष्ट्रपति जी को 125 करोड़ भारतीयों खासकर गरीब और हाशिए पर खड़े लोगों की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील पाया है।
उल्लेखनीय है कि रामनाथ कोविन्द का जन्म एक अक्टूबर वर्ष 1945 में उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के परौंख गांव में हुआ था। उन्होंने इस वर्ष 25 जुलाई को देश के 14वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। इससे पहले वह 16 अगस्त 2015 से 20 जून 2017 तक बिहार के राज्यपाल का कार्यभार संभाल चुके हैं।