राष्ट्रीय
हर्षवर्धन ने किया एसएसबी के जवानों को सम्मानित
By Deshwani | Publish Date: 22/9/2017 5:58:32 PMनई दिल्ली। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को विज्ञान भवन में एक भव्य कार्यक्रम किया। विज्ञान तकनीकी एवं पर्यावरण मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कार्यक्रम के दौरान फारेस्ट एंड क्लाइमेट में सशस्त्र सीमा बल के जवानों को अच्छे कार्य करने के लिए सम्मानित किया।
हर्षवर्धन ने एसएसबी की सराहना करते हुए कहा कि वे मित्र देशों के साथ लगी सीमा पर मुस्तैदी के साथ पहरा देते हैं। खुली सीमाओं की रक्षा करते हुए हर तरह की चुनौती का सामना करते हैं|
इससे पहले एसएसबी की महानिदेशक अर्चना रामासुंदरम ने बल की रिपोर्ट और योजनाओं के बारे में बताया। महानिदेशक ने बताया कि हमारे पास नेपाल और भूटान की लम्बी और खुली सीमा की रक्षा का चुनौतीपूर्ण कार्य है। यहां सबसे ज्यादा वन्य जीवों की तस्करी होती है। खुले बॉर्डर में तस्करी को रोकना काफी कठिन कार्य होता है। ऐसे में बल ने वहां के लोकल लोगों की सहायता से तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया। महानिदेशक के अनुसार, वर्ष 2016 में बल ने करीब 62 लोगों को तस्करी के मामले में पकड़ा था।
इस वर्ष मात्र आठ माह के भीतर बल ने 85 मामलों में 98 तस्करों को बल ने पकड़ा है। महानिदेशक ने कहा कि बल की प्राथमिकता वन्य जीवों की तस्करी को रोकना है। इन तस्करों को पकड़ने में सबसे अहम भूमिका खोजी कुत्तों (स्कॉयड-डॉग) की रही। जिसके लिए बल ने इन स्कॉयड-डॉग को मेडल से नवाजा। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि डॉक्टर हर्षवर्धन ने फारेस्ट एंड क्लाइमेट में सशस्त्र सीमा बल के जवानों को सम्मानित किया।