राष्ट्रीय
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, सरकार ईंधन की बढ़ती कीमतों पर गंभीर
By Deshwani | Publish Date: 13/9/2017 9:51:50 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज कहा कि सरकार उपभोक्ताओं के हितों का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
पेट्रोल डीजल के दामों में हो रहे बढ़ोत्तरी के चलते और दोनों ईंधनों की कीमत तीन वर्ष के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद हरकत में आये धर्मेंद्र प्रधान ने इस मुद्दे पर मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विचार-विमर्श किया।
धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को बैठक के बाद कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें अंतर्राष्ट्रीय बाजार में वृद्धि के चलते बढ़ी हैं। प्रधान ने उम्मीद जताई कि विश्व बाजार में कच्चे तेल के दाम जल्द ही कम होंगे। वर्तमान में अंतर्राष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमत करीब 55 डॉलर प्रति बैरल है।
प्रधान ने कहा कि सरकार पेट्रोल और डीजल को भी वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के दायरे में लाने पर विचार कर रही है जिससे इनके दाम में बहुत ज्यादा अंतर नहीं रहेगा। हालाँकि अभी इसको जीएसटी के दायरे से बाहर रखा गया है और पहले की तरह राज्य सरकारें ही इस पर वैट चार्ज करती हैं जिससे राज्य दर राज्य इनकी कीमतों में बड़े स्तर पर अंतर देखने को मिलता है।