राष्ट्रीय
बेलंदूर झील : सिद्धारमैया ने की राजनाथ सिंह से मुलाकात
By Deshwani | Publish Date: 17/8/2017 2:38:08 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। सिद्धारमैया ने राजनाथ से गुरुवार को कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। दोनों के मध्य बेंगलुरु की बेलंदूर झील मसले पर भी चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद सिद्धारमैया ने कहा, सरकार सभी अहम और आवश्यक कदम उठा रही है। इसे एक-दो वर्षों के भीतर बेलंदूर झील से विषैले झाग और अन्य समस्याओं को खत्म कर लिया जाएगा। वहीं मुलाकात के दौरान उन्होंने कर्नाटक के अलग ध्वज की भी मांग की है।
बेंगलुरु की बेलंदूर झील फिर से विषैला झाग उगल रही है। पिछले सोमवार को हुई भारी बारिश की वजह से झील की स्थिति बेहद खराब हो गई है। गौरतलब है कि इस झील में कभी-कभी आग लगने की घटनाएं भी होती रहती हैं।
दरअसल सीवर और उद्योगों से निकलने वाले रसायन इस झील में आकर मिलते हैं जिससे यहां भारी मात्रा में विषैला झाग पैदा होता है। कभी-कभी इस झाग में आग भी लग जाती है।
आसपास की फैक्ट्रियों और शहर की बढ़ती आबादी की वजह से यह झील इतनी प्रदूषित हो चुकी है कि बेलंदूर झील से उठने वाले जहरीले धुएं से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी होती है।