राष्ट्रीय
पंजाब-हरियाणा डीजीपी ने की गृह सचिव से मुलाकात
By Deshwani | Publish Date: 16/8/2017 8:19:06 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। पंजाब पुलिस महानिदेशक सुरेश अरोड़ा और हरियाणा पुलिस महानिदेशक बीएस सन्धू ने केंद्रीय गृह सचिव राजीव महर्षि से बाबा गुरमीत राम रहीम केस संबंध में मुलाकात की।
हरियाणा के सिरसा के डेरा सच्चा सौदा के बाबा गुरमीत राम रहीम से जुड़े साध्वियों के यौन शोषण के मामले को लेकर पंचकूला की स्पेशल सीबीआई कोर्ट में आज सुनवाई हुई। हालांकि इस मामले में न्यायलय ने अभी अपना फैसला नहीं सुनाया है। फैसले के मद्देनजर पूरे पंजाब में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया था। इसी संबंध में पंजाब ने केंद्र से 250 अर्धसैनिक बल की कंपनियां मांगी है। साथ ही पंजाब पुलिस के जवान हर जगह मुस्तैद कर दिए गए हैं। फैसले के बाद बवाल की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि वर्ष 2002 में बाबा गुरमीत राम रहीम पर साध्वियों के यौन शोषण के आरोप लगे थे। इसके बाद इसकी जांच उच्च न्यायलय ने सीबीआई को सौंप दी थी। एक युवती ने राम रहीम पर यौन शौषण का आरोप लगाते हुए एक पत्र मीडिया, पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, पीएम के नाम जारी किया था।