राष्ट्रीय
गुरुवार को राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार प्रदान करेंगे राष्ट्रपति
By Deshwani | Publish Date: 16/8/2017 4:30:00 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। देशभर में सभी प्रकार की खानों कोयला, धातु और तेल में दुर्घटनाओ की रोकथाम में उल्लेखनीय कार्य के लिए श्रम और रोजगार मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 17 अगस्त को यहां आयोजित समारोह में विजेताओं को पुरस्कार वितरित करेंगे।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गुरुवार को विज्ञान भवन में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा आयोजित पुरस्कार समारोह में 37 विजेता और 34 उप विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगे। प्रत्येक खान के लिए पुरस्कार संयुक्त रूप से खान प्रबंधन और कार्मिक प्रतिनिधि द्वारा प्राप्त किया जाएगा।
खानों में दुर्घटनाओं की रोकथाम में उल्लेखनीय कार्य को प्रोत्साहन देने के लिए श्रम मंत्रालय द्वारा वर्ष 1982-83 में राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार की शुरुआत की गई। वर्ष 1982 और 1983 के लिए 1984 में प्रथम बार पुरस्कार प्रदान किए गए और इसके बाद से नियमित रूप से हर वर्ष पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। राष्ट्रीय खान पुरस्कार के लिए धातु के प्रकार और कार्य की प्रकृति के आधार पर सात विभिन्न समूहों में बांटा गया है।
मंत्रालय द्वारा दिए जाने वाले इस पुरस्कार के लिए आवेदन की जांच करने हेतु त्रिपक्षीय राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार समिति का गठन किया जाता है। समिति में खान प्रबंधन के आठ प्रतिनिधि, श्रम संगठनों के आठ प्रतिनिधि और सरकार के प्रतिनिधि के रूप में महानिदेशक अध्यक्ष और डीजीएम के एक अधिकारी सदस्य सचिव के रूप में सम्मिलित होते हैं।