नई दिल्ली, (हि.स.)। देश में 19 अगस्त से 30 अगस्त तक 'संकल्प से सिद्धि: न्यू इंडिया मंथन (2017-2022)' सभी जिलों में मनाया जायेगा।
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने शुक्रवार को विश्व विद्यालयों के सभी कुलपतियों, अटारी के निदेशकों एवं देशभर के कृषि विज्ञान केन्द्रों के प्रमुखों के साथ आॅडियो कांफ्रेसिंग कर इस कार्यक्रम की जानकारी दी।
श्री सिंह ने उनसे आग्रह किया कि इन कार्यक्रमों में कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्रों के भारत सरकार एवं राज्य सरकार के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी, छात्र तथा बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति सुनिश्चत करें। सभी जिलों के कार्यक्रमों में उपस्थित रहने के लिए केन्द्रीय कृषि मंत्री ने सभी जिलों के सांसदों और मंत्रियों को व्यक्तिगत रुप से पत्र लिखा है ।
राधा मोहन सिंह ने बताया कि ये कार्यक्रम ढाई घंटे तक चलेगा जिसमें प्रधानमंत्री का सबसे पहले वीडियो संदेश दिखाया जाएगा। उसके बाद भारत सरकार द्वारा कृषि विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों पर एक फिल्म दिखाई जाएगी| देश को विभिन्न कुरीतियों जैसे गंदगी, गरीबी, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, संप्रदायवाद, जातिवाद, आदि से मुक्त कराने का संकल्प लिया जाएगा जिसमें वर्ष 2022 तक देश के किसानों की आय दोगुनी करने का संकल्प शामिल होगा। इसके लिए आवश्यक सामग्री एवं संदेश सभी केवीके को मुहैया कराई जा रही है।