राष्ट्रीय
शरद को केसी की नसीहत, अपने विचार पार्टी फोरम में रखें
By Deshwani | Publish Date: 11/8/2017 4:36:18 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल यूनाइटेड ने शुक्रवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव को सलाह दी कि वह अपने विचारों अथवा मतभेदों को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की 19 अगस्त को होने वाली बैठक में रख सकते हैं। पार्टी ने उन्हें सीमा के दायरे में रहकर ही अपने बयान देने को भी कहा है।
जदयू के प्रवक्ता केसी त्यागी ने यहां पत्रकारों से कहा कि शरद यादव अपने विचार 19 अगस्त को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में रखते हैं तो अच्छा रहेगा। उन्होंने कहा कि हम उन्हें ऐसे बयानों से दूरी बनाने के लिए कहेंगे जो सीमाओं को लांघते हैं। श्री त्यागी ने यह भी कहा कि शरद यादव जिस तरह की राजनीतिक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं वह काफी आपत्तिजनक है और पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार के लिए भी काफी असहज है।
गौरतलब है कि शरद यादव बिहार की 3 दिन में 08 जिलों में सभाएं कर रहे हैं जिसमें वह कह रहे हैं कि जनता दल (यू) राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस का बना महागठबंधन अटूट है| उन्होंने दावा किया है कि बिहार की जनता को नकार कर राजद, कांग्रेस, जदयू के संयुक्त घोषणा पत्र को जनता ने पसंद किया था| बिहार के 11 करोड़ लोगों ने भाजपा के साथ जाने का जनादेश नहीं दिया था। शरद ने दावा किया है कि जदयू के असली नेता और कार्यकर्ता अभी भी उनके साथ हैं जबकि जो लोग छोड़ कर गए हैं वह सरकारी लोग हैं। वह महागठबंधन को बनाने में नीतीश कुमार के योगदान का तो जिक्र कर रहे हैं लेकिन तोड़ने के मामले में उनका नाम लेने से बचते दिखाई दे रहे।