राष्ट्रीय
महागठबंधन के जनादेश के साथ हुआ विश्वासघात : शरद यादव
By Deshwani | Publish Date: 10/8/2017 2:59:39 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। जनता दल (यू) के संस्थापक शरद यादव के पार्टी लाइन के खिलाफ बगावती तेवर खुलकर सामने आने लगे हैं। यादव ने आज बिहार दौरे से पूर्व यहां दिल्ली में कहा कि महागठबंधन को जो जनादेश मिला था उसके साथ विश्वासघात किया गया है| इसलिए मैं लोगों के मध्य जाकर उनकी राय जानूंगा।
उन्होंने कहा कि मैंने भी चुनाव में जगह-जगह घूम कर महागठबंधन के लिए वोट मांगे थे| मैं वोट को ईमान मानता हूं और उसके साथ विश्वासघात नहीं किया जाना चाहिए। शरद यादव आज से तीन दिन बिहार के दौरे पर रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार जद (यू) नेतृत्व द्वारा शरद यादव को पार्टी से बाहर निकलने का निर्णय भी लिया जा सकता है। इस बाबत पार्टी के सांसद अली अनवर ने कहा, 'हम किसी भी बलिदान को तैयार हैं।'
गौरतलब है कि शरद यादव, पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार के भाजपा के साथ हाथ मिला लेने के बाद से नाराज बताये जा रहे हैं। हालांकि यादव को मनाने के प्रयास जदयू नेताओं के अलावा भाजपा के भी वरिष्ठ नेताओं ने किये लेकिन यादव नहीं माने हैं।
सूत्रों के अनुसार शरद यादव के ही कहने पर गुजरात के जदयू विधायक ने कांग्रेस नेता अहमद पटेल को राज्यसभा चुनाव में वोट दिया था। जदयू का वोट निर्णायक साबित हुआ और भाजपा प्रत्याशी की हार हो गयी। नीतीश ने गुजरात प्रकरण के चलते ही पार्टी महासचिव और शरद यादव के करीबी नेता अरुण श्रीवास्तव को पार्टी से निकाल दिया। यादव ने अहमद पटेल की जीत के बाद उन्हें ट्वीट कर बधाई दी थी।