राष्ट्रीय
मानसून सत्र: नोट और बराला मामले पर सदन में हंगामे के आसार
By Deshwani | Publish Date: 10/8/2017 9:18:57 AMनई दिल्ली, (हि.स.)। संसद का मानसून सत्र अभी तक हंगामेदार रहा है। अब मात्र दो दिन मानसून सत्र के शेष बचे हैं। सदन में आज सरकार लम्बित बिलों को पारित करवाने का प्रयास करेगी। हालांकि इसकी संभावना बहुत कम है। आज सदन में गुरुवार को लोकसभा-राज्यसभा में गुजरात राज्यसभा चुनाव के मुद्दे को लेकर हंगामे के आसार हैं। वहीं विपक्ष राहुल पर हुए हमले, 500 रुपये के दो तरह के नोट छापने को लेकर सरकार को घेरेगा, बराला मामले पर भी सदन में हंगामे के आसार हैं।
आज एक तरफ भाजपा संसदीय दल की बैठक संसद भवन में सत्र से ठीक पहले होगी, वहीं विपक्ष भी रणनीतिक बैठक कर सत्तापक्ष को घेरने का प्रयास करेगा। दूसरी तरफ, मंगलवार को देर रात बड़े नाटकीय घटनाक्रम के बाद आखिरकार कांग्रेस के अहमद पटेल उच्च सदन पहुंचने में कामयाब रहे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी राज्यसभा में पहली पारी शुरू करने वाले हैं। उन्होंने भी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ जीत दर्ज की है।
वहीं बीते दिन बुधवार को विशेष सत्र के बाद लोकसभा को सांवरलाल जाट के देहांत के चलते पूरे दिन के लिए स्थगित करना पड़ा था। राज्यसभा में विपक्ष द्वारा भारतीय मुद्रा के विश्वसनीयता पर सत्ता पक्ष के खिलाफ नारे-बाजी और शोरशराबे के चलते दिन भर के लिए स्थगित करना पड़ा था।