नई दिल्ली, (हि.स.)। सरकार ने मंगलवार को लोकसभा में बताया कि विदेशों में स्थित मिशनों और केन्द्रों से मिली जानकारी के अनुसार करीब साढ़े पांच लाख भारतीय छात्र विदेशों में पढ़ रहे हैं।
बुधवार को केसिनेनी श्रीनिवास के प्रश्न के लिखित उत्तर में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया, ‘‘विदेश स्थित मिशन व केन्द्रों से प्राप्त जानकारी पर आधारित रिकॉर्डों के अनुसार अनुमानत: 5,53,440 भारतीय छात्र विदेशों में अध्ययन कर रहे हैं। हालांकि इन छात्रों का राज्यवार ब्यौरा उपलब्ध नहीं है।’’
इसके अलावा उन्होंने बताया कि विदेशी छात्रों के लिए ‘मदद’ पोर्टल बनाया गया जिसमें वह स्वैच्छिक पंजीकरण करा सकते हैं। 7 अगस्त तक इसमें 12580 छात्रों ने पंजीकरण करवाया है।
विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार भारतीय छात्रों की पहली पसंद अमेरिका है| उसके बाद कनाडा, आस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड का नम्बर आता है। अमेरिका में 2,06,708, कनाडा में 1 लाख, आस्ट्रेलिया में 63, 283, न्यूजीलैंड में 30 हजार छात्र पढ़ रहे हैं। वहीं बहरीन में 27 हजार, चीन में 18, 171 और ब्रिटेन में 14, 830 भारतीय छात्र पढ़ रहे हैं।