राष्ट्रीय
बालियान ने राम मंदिर पर शिया वक्फ बोर्ड के शपथ पत्र का किया स्वागत
By Deshwani | Publish Date: 9/8/2017 3:42:13 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। केंद्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री संजीव बालियान ने बुधवार को शिया वक्फ बोर्ड द्वारा उच्चतम न्यायालय में दाखिल शपथ पत्र का स्वागत किया है। इसमें उसने कहा है कि विवादित अयोध्या स्थल से कुछ दूरी पर मस्जिद का निर्माण कराया जा सकता है।
बालियान ने कहा कि शिया वक्फ बोर्ड का यह शपथ पत्र स्वागत योग्य है। यह मामला वर्षों से अदालत में लंबित है। यह शपथ पत्र इस मामले में बहुत बड़ा कदम है।
शपथ पत्र में बोर्ड ने कहा है कि अयोध्या में भगवान राम के जन्म स्थल के निकट ही मस्जिद का निर्माण कराया जा सकता है। बाबरी मस्जिद चूंकि शिया वक्फ की थी, अतः केवल उसे ही इस मामले पर अन्य पक्षकारों से शांतिपूर्ण समझौता करने का अधिकार प्राप्त है। हालांकि वर्ष 1961 में सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने अदालत में एक मामला दायर कर इस स्थल का कब्जा उसे देने और मस्जिद परिसर से मूर्ति हटाने की मांग की थी। उसने राम जन्मभूमि मंदिर बाबरी मस्जिद के चल रहे विवाद में भी पक्ष बनने का भी फैसला किया था।
गौरतलब है कि हिंदू कारसेवकों ने 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में विवादित ढांचा गिरा दिया था। इसके बाद देशभर में दंगे हुए थे और उसमें 2000 से अधिक लोग मारे गए थे।