राष्ट्रीय
शुक्र है कि देश में चुनाव आयोग है : सोनिया गांधी
By Deshwani | Publish Date: 9/8/2017 2:52:49 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। गुजरात से राज्यसभा में अपने रणनीतिकार अहमद पटेल की जीत पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि परमात्मा का शुक्र है कि हमारे देश में चुनाव आयोग है।
दरअसल मंगलवार को हुए देर रात तक भाजपा और कांग्रेस के बीच उठापटक और करीब साढ़े 8 घंटे के हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद चुनाव आयोग ने गुजरात में राज्यसभा की सीट के लिए अहमद पटेल और कांग्रेस के पक्ष में फैसला सुनाया। जबकि निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस के दो बागी विधायकों के वोट रद्द कर दिए। इस बीच दो बार वोटों की गिनती रोकी गई।
अहमद पटेल की जीत के बाद बुधवार सुबह संसद पहुंची सोनिया गांधी ने कहा, ‘परमात्मा का शुक्र है कि हमारे देश में चुनाव आयोग है। मैं खुश हूं। उनकी (अहमद पटेल) जीत से राहत मिली है।’
उल्लेखनीय है कि गुजरात में तीन सीटों पर हुए राज्यसभा चुनाव में से 2 सीट भाजपा के नाम रही। लेकिन जिस एक सीट को जीतने के लिए भाजपा ने एड़ी-चोटी का जोर लगाया दिया, उसमें भाजपा की हार हुई।
चुनाव आयोग ने देर रात कांग्रेस के दो बाग़ी विधायकों के वोट रद्द करने का फ़ैसला इसलिए लिया क्योंकि दोनों विधायकों ने मतदान के दौरान भाजपा के पोलिंग एजेंट को अपना बैलेट दिखाया था। चुनाव आयोग का फ़ैसला अहमद पटेल के हक़ में गया और अहमद पटेल लगातार 5वीं बार राज्यसभा पहुंचे।